नागौर , जुलाई 18 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर जिले में डेगाना के तिलानेश गांव में शनिवार को गांव में सुबह की सैर की।
श्री शर्मा ने शुक्रवार रात गांव में रात्रि चौपाल में भाग लेकर रात्रि विश्राम गांव में ही किया और प्रातः भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में किसानों से चर्चा की, गांव की गलियों में भ्रमण कर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों से संवाद किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारा और चॉकलेट वितरित की। उन्होंने श्री चारभुजा नाथ जी एवं वीर तेजाजी मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने तालाब किनारे पौधारोपण भी किया और ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांव में पुस्तकालय सह अटल ज्ञान केंद्र, रामसरी गांव से जोबनेर-बुटाटी राज्य राजमार्ग तक 1.18 करोड़ रुपए की लागत से डामर सड़क निर्माण तथा तालाब के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार की घोषणा भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित