जोधपुर , जून 28 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को जोधपुर हवाई अड्डे का दौरा करके आगामी चार जुलाई को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने वाले उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान श्री शर्मा ने नवीन टर्मिनल का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नवीन टर्मिनल का निरीक्षण कर प्रवेश एवं बाहर जाने के स्थान, लॉबी, वीआईपी लाउंज सहित विभिन्न सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में निर्देशित किया।

उन्होंने जिला कलक्टर सहित संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के संबंध में जरूरी निर्देश भी दिए।

इस दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री मोदी चार जुलाई को जोधपुर को बड़ी सौगात देते हुए नवीन टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित