जयपुर , अप्रैल 09 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर मेट्रो द्वितीय चरण के पहले पैकेज में शीघ्र कार्य प्रारम्भ करने के निर्देश दिये हैं।
केन्द्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इस चरण की मंजूरी दिये जाने के बाद श्री शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जयपुर मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति एवं विस्तार को लेकर उनकी अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्देश दिये। उन्होंने प्रहलादपुरा से टोडी मार्ग तक विकसित होने वाले इस चरण को केन्द्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के आधार पर चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने तथा इसके पहले पैकेज (प्रह्लादपुरा से पिंजरापोल गौशाला तक) के वर्क ऑर्डर शीघ्र जारी करने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने द्वितीय चरण के तहत डिपो निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करने तथा पार्किंग सुविधाओं के समुचित विकास के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेट्रो परियोजनाओं का निर्धारित समय-सीमा एवं नियंत्रित लागत के साथ विकास आवश्यक है। उन्होंने चरण-1सी (बड़ी चौपड़-ट्रांसपोर्ट नगर) एवं चरण-1डी (मानसरोवर-अजमेर रोड चौराहा) की परियोजनाओं को गति देने के भी निर्देश दिये।
श्री शर्मा ने जनसंख्या घनत्व एवं ट्रैफिक के दबाव के मद्देनजर भविष्य में दिल्ली रोड एवं सीकर रोड और अन्य मार्गों की दिशा में मेट्रो विस्तार की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि जयपुर के प्रमुख मार्गों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाये।
बैठक में बजट वर्ष 2025-26 की अनुपालना एवं मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आमेर, जगतपुरा, बगराना (आगरा रोड) एवं आईएसबीटी हीरापुरा तक मेट्रो विस्तार के मास्टर प्लान का प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्यमंत्री ने जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) एवं जयपुर मेट्रो को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए बहुद्देशीय एलिवेटेड रोड परियोजना के संबंध में भी निर्देश दिये।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि जयपुर मेट्रो द्वितीय चरण जयपुर शहर के समग्र विकास का ग्रोथ इंजन सिद्ध होगा। उन्होंने केन्द्रीय मंत्रिमंडल द्वारा इसकी मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे शहर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र सीतापुरा एवं वीकेआई को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और आमजन को सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित