जयपुर , अप्रैल 28 -- राजस्थान सरकार के प्रदेश के विकास के लिए किए जा रहे प्रयास रंग लाने लगे हैं और निवेश में यह राज्य देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निवेश और प्रोजेक्ट्स के मामले में राजस्थान निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है। इंडिया स्टेट की नवीनतम रिपोर्ट में सामने आया है कि निवेश में लंबी छलांग लगाते हुए प्रदेश वित्त वर्ष 2025 में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है जबकि वित्त वर्ष 2024 में आठवें स्थान पर था।

राजस्थान में इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही नवीकरणीय ऊर्जा में भी बड़े निवेश आए हैं। आंकड़ों की बात की जाए तो राज्य के कुल निवेश में चार गुना की जबरदस्त वृद्धि हुई है। वित्त वर्ष 2024 में जहां निवेश 1.10 लाख करोड़ रुपए था वहीं वित्त वर्ष 2025 में निवेश 4.65 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है।

इसके अलावा प्रोजेक्ट्स का आंकड़ा भी वित्त वर्ष 2024 में 501 से बढ़कर वित्त वर्ष 2025 में 873 हो गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पीडब्ल्यूडी में 57 हजार करोड़ के आठ मेगा हाईवे प्रोजेक्ट्स हैं वहीं सोलर पावर प्रोजेक्ट में एसीएमई क्लीनटेक साॅल्यूशन्स का 11 हजार करोड़ का निवेश भी राजस्थान आया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित