जयपुर , फरवरी 15 -- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में राज्य सरकार के प्रयास से प्रदेश में ड्रॉप आउट रेट में उल्लेखनीय कमी एवं संक्रमण दर में सुधार होने से शिक्षा के परिदृश्य में बड़ा बदलाव आया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आर्थिक समीक्षा 2025-26 के अनुसार माध्यमिक से उच्च माध्यमिक में संक्रमण दर वर्ष 2023-24 की तुलना में वर्ष 2024-25 में 82.6 से बढ़कर 88.2 एवं प्राथमिक से उच्च प्राथमिक में 90.7 से बढ़कर 93.8 हुई वहीं ड्रॉप आउट रेट प्राथमिक स्तर के लिए 7.6 से घटकर 3.6, उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 6.8 से घटकर 3.6 एवं माध्यमिक स्तर के लिए 11.1 से घटकर 7.7 रह गई।
प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण स्थापित किए जाने की कड़ी में बजट वर्ष 2026-27 में प्रारम्भिक शिक्षा के लिए 21 हजार 646 करोड़ रुपये से अधिक तथा माध्यमिक शिक्षा के लिए 19 हजार 473 करोड़ रुपये से अधिक के प्रावधान किए गए हैं। इसके तहत समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रारम्भिक शिक्षा में 13 हजार 767 करोड़ रुपये से अधिक तथा माध्यमिक शिक्षा में 2 हजार 821 करोड़ रुपये से अधिक का व्यय प्रस्तावित है। इसके अलावा आरटीई के तहत निजी विद्यालयों को शिक्षण शुल्क पुनर्भरण के लिए एक हजार 250 करोड़ रुपये तथा पीएमश्री योजना के लिए 434 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित