जयपुर , जनवरी 29 -- राजस्थान में शाहपुरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक लालाराम बैरवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और राजस्थान को अग्रणी प्रदेश बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

श्री बैरवा 16वीं विधानसभा के पंचम सत्र के दूसरे दिन गुरुवार को प्रश्नकाल के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में एक भी पेपर लीक नहीं होने से युवाओं का भरोसा व्यवस्था पर बढ़ा है। राज्य सरकार ने महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया है। किसानों को उनकी फसल का पूरा भुगतान समय पर मिल रहा है तथा प्राकृतिक आपदा या खराबे की स्थिति में पूर्ण मुआवजा दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा शाहपुरा को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं। पिछले दो वर्षों में शाहपुरा को जिला अस्पताल की सुविधा मिली है। खेल अकादमी का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है और राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ियों का प्रदर्शन सशक्त हुआ है। साथ ही, ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित