अजमेर , जुलाई 11 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप केंद्र और राज्य सरकार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं और डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का परिणाम है कि अजमेर संसदीय क्षेत्र में लगातार विकास परियोजनाओं को स्वीकृति मिल रही है और उनका क्रियान्वयन भी तेजी से हो रहा है।
श्री चौधरी शनिवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के केकड़ी विधानसभा क्षेत्र दौरे में सहभागिता की और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने देवली-नसीराबाद फोरलेन सड़क परियोजना के प्रथम चरण के शिलान्यास सहित अजमेर जिले में लगभग 880 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जिले के विकास को नई गति प्रदान की।
उन्होंने कहा कि श्री शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं। सड़क, आधारभूत संरचना, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा निरंतर ऐतिहासिक कार्य किये जा रहे हैं। देवली-नसीराबाद फोरलेन परियोजना के निर्माण से अजमेर, टोंक तथा आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नया विस्तार मिलेगा।
उन्होंने श्री शर्मा का अजमेर संसदीय क्षेत्र को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगातें देने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर निरंतर कार्य करती रहेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित