जयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को नयी दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय आवास, शहरी कार्य तथा विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं केन्द्रीय नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू से मुलाकात की।

यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार श्री शर्मा ने श्री बिरला से मुलाकात के दौरान प्रदेश के चहुंमुखी विकास और केंद्र एवं राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि श्री खट्टर से मुलाकात कर प्रदेश में ऊर्जा और शहरी नियोजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की। इस दौरान विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्यों के क्रम में हरित ऊर्जा के विस्तार और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के साथ ही प्रदेश को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम से जोड़ने की संभावनाओं पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

श्री नायडू से मिलकर जयपुर एयरपोर्ट पर नए स्टेट टर्मिनल भवन के निर्माण, भरतपुर-डीग एवं सीकर-झुंझुनूं में नये हवाई अड्डों की संभावनाओं के अध्ययन तथा प्रदेश के प्रमुख पर्यटन शहरों में उड़ानों की निरंतरता बनाये रखने पर चर्चा की। इस अवसर पर श्री शर्मा ने मानपुर (आबू राज) एवं बांसवाड़ा में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने तथा राज्य में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में व्यापक विस्तार के संबंध में अनुरोध भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित