जयपुर , जून 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी एवं केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात की।
श्री शर्मा ने नयी दिल्ली में इन दोनों केन्द्रीय मंत्रियों से मुलाकात की जो उनकी शिष्टाचार भेंट थी। मुख्यमंत्री की श्री जोशी से राजस्थान में खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने तथा प्रदेश को ऊर्जा आत्मनिर्भर बनाने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में जारी विभिन्न केंद्रीय योजनाओं एवं आगामी विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने राजस्थान में हरित ऊर्जा के क्षेत्र में हो रही प्रगति और ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर-2 के क्रियान्वयन की सराहना की। मुख्यमंत्री की डॉ. मांडविया से राजस्थान के युवाओं के कौशल विकास, रोजगार के नये अवसरों के सृजन और राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने एवं स्थानीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं एवं प्रोत्साहन को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। साथ ही 'माय भारत' के माध्यम से युवाओं को प्रोत्साहन देने की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार राजस्थान के युवाओं की प्रतिभा को नयी उड़ान देने और उनके उज्ज्वल एवं सुरक्षित भविष्य के लिए पूर्णतः संकल्पित और निरंतर प्रयासरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित