जयपुर , जून 23 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को राजधानी जयपुर के सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के लिए 631 करोड़ रुपये से अधिक के 1538 विकास कार्यों की सौगात देंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के विकास को मजबूती देने के लिए श्री शर्मा जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा, कृषि, सड़क और पेयजल से जुड़े 208 करोड़ रुपये से ज्यादा के कुल 1350 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे।
साथ ही मुख्यमंत्री जयपुर विकास प्राधिकरण, आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण, नगर निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, सड़क, जल संसाधन सहित विभिन्न विभागों से जुड़े 422 करोड़ रुपये से अधिक के 188 कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे।
जिन विकास कार्यों का शिलान्यास होगा उनमें मुख्यमंत्री जयपुर-भीलवाड़ा रोड के मुहाना मोड़ जंक्शन पर 124 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फ्लाई-ओवर, बंबाला क्षेत्र में 88 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के सीवरेज कार्य, एसटीपी और मुख्य ट्रंक मेन लाइन, भांकरोटा में नवीन ट्रामा सेंटर और पृथ्वीराज नगर में सैटेलाइट अस्पताल की नींव रखेंगे। साथ ही सड़क, सामुदायिक भवन, सीवर लाइन, पार्क, मोक्षधाम, मंदिर, स्कूल और स्वास्थ्य केन्द्रों से जुड़े विभिन्न कार्यों का शुभारंभ भी किया जायेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सीवरेज सफाई के लिए सुपर सकर मशीन, कचरा उठाने के लिए अत्याधुनिक मैकेनिकल लिटर पिकर मशीन तथा स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के प्रति जनजागरूकता के लिए ब्रांडिंग ऑटो को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनकी आवासीय संपत्ति का कानूनी स्वामित्व प्रदान करने के लिए स्वामित्व कार्ड भी वितरित करेंगे।
उल्लेखनीय है कि स्वामित्व योजना में ड्रोन तकनीक के माध्यम से गांवों की आवासीय भूमि का सीमांकन किया जाता है। अब तक प्रदेश में आठ हजार से अधिक गांवों में 14 लाख से अधिक स्वामित्व कार्ड जारी किये जा चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित