जयपुर , अप्रैल 08 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा संविधान निर्माता डाॅ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर 14 अप्रैल को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने महात्मा ज्योतिबा फुले और अंबेडकर जयंती को जिला और संभाग स्तर पर धूमधाम से मनाने के लिए अनुसूचित जाति/जनजाति के प्रबुद्धजनों और राज्य स्तरीय सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को बैठक की और यह जानकारी दी।
श्री गहलोत ने बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के प्रबुद्ध नागरिकों-प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम के सफल होने की कार्ययोजना बनाई। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में श्री शर्मा की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
श्री गहलोत ने बताया कि 11 से 14 अप्रैल तक चार दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के साथ होगा। प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर जिला कलेक्टरों द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 12 अप्रैल को डॉ. अम्बेडकर के जीवन परिचय और संविधान जागरूकता पर केंद्रित कार्यक्रम होंगे। विशेष रूप से "संविधान को जानें" विषय पर एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा जो 14 अप्रैल तक चलेगी। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को छात्रावासों और आवासीय विद्यालयों में डॉ. अम्बेडकर के जीवन पर आधारित चलचित्रों (फिल्मों) का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
श्री गहलोत ने बताया कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जन्म जयंती का राज्य स्तरीय कार्यक्रम श्री भवानी निकेतन महाविद्यालय जयपुर एवं सभी जिला मुख्यालय एवं ब्लॉक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह में संविधान प्रस्तावना का वाचन, संविधान शपथ एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिला एवं राज्य स्तरीय अंबेडकर पुरस्कार और प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संविधान की महत्ता और डॉ. अम्बेडकर के सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से आत्मसात कराना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग और स्वायत्त शासन विभाग सहित विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित