रांची , जुलाई 16 -- झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

इस पावन पर्व को आस्था, समरसता, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

राज्यपाल श्री गंगवार ने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से राज्य में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली बनी रहे। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मकता और मंगल लेकर आए।

वहीं, मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा का यह पावन पर्व हमें सेवा, मानवता, भाईचारे और सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रेम, सौहार्द और एकता के साथ इस पर्व को मनाने की अपील भी की।

इधर, विधायक कल्पना सोरेन ने भी प्रदेशवासियों को रथ यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से राज्य के प्रत्येक परिवार में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण पर्व है, जो समाज को प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित