रायपुर , अगस्त 08 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भगवान शिव को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र टिप्पणी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर भगवान शिव के संबंध में की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने अरुण पन्नालाल और उनके साथ पोस्ट करने वाले हंसराज गोयल के खिलाफ शुक्रवार देर रात शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले को लेकर शुक्रवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अरुण पन्नालाल के घर का घेराव किया था। इसके बाद भाजपा नेता और प्रवक्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे और मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित