नयी दिल्ली , मार्च 25 -- भगवान श्री राम से संबंधित स्थलों का दर्शन कराने के लिए भारत गौरव डीलक्स एसी पर्यटक ट्रेन 30 मार्च को श्री रामायण यात्रा पर रवाना होगी।
रेलवे ने बुधवार को यहां बताया कि प्रसिद्ध रामायण सर्किट ट्रेन यात्रा 30 मार्च को दिल्ली से शुरू होगी। सरकार के 'देखो अपना देश' और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गयी भारत गौरव पर्यटक ट्रेन भगवान श्री राम से जुड़े प्रमुख स्थलों को कवर करेगी।
रेलवे ने कहा कि विशेष रूप से डिज़ाइन की गई इस तीर्थयात्रा का उद्देश्य भक्तों को भगवान राम के जीवन और यात्रा से जुड़े प्रमुख स्थलों का भ्रमण करने का एक अनूठा अवसर प्रदान करना है। यह यात्रा 30 मार्च दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होगी और भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े प्रमुख स्थानों को कवर करेगी।
रेलवे के अनुसार अत्याधुनिक डीलक्स एसी पर्यटक ट्रेन में कई अद्भुत विशेषताएं हैं, जिनमें दो रेस्तरां, एक आधुनिक रसोई, कोचों में शॉवर क्यूबिकल्स, सेंसर-आधारित वॉशरूम सुविधाएं और फुट मसाजर शामिल हैं। पूरी तरह से वातानुकूलित ट्रेन में प्रथम एसी, द्वितीय एसी और तृतीय एसी की सुविधाएं हैं। ट्रेन में सुरक्षा की उन्नत विशेषताएं हैं, जिनमें सीसीटीवी कैमरे और प्रत्येक कोच के लिए सुरक्षा गार्ड शामिल हैं।
रेलवे ने बताया कि यह यात्रा 17 दिनों में पूरी होगी। इसका पहला गंतव्य अयोध्या है, जहाँ पर्यटक श्री राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमान गढ़ी और राम की पैड़ी (सरयू घाट) के दर्शन करेंगे। इसके बाद नंदीग्राम में भरत मंदिर का दर्शन होगा। इसके बाद अगला गंतव्य बिहार में सीतामढ़ी है, जहाँ से पर्यटक सड़क मार्ग द्वारा सीता जी के जन्मस्थान और जनकपुर (नेपाल) में राम जानकी मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे। सीतामढ़ी के बाद, ट्रेन बक्सर के लिए रवाना होगी, जहाँ दर्शनीय स्थलों में रामरेखा घाट और रामेश्वरनाथ मंदिर शामिल होंगे। इसके बाद अगला गंतव्य वाराणसी है, जहाँ पर्यटक काशी विश्वनाथ मंदिर और कॉरिडोर, तुलसी मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगे और गंगा आरती भी देखेंगे। रेलवे ने बताया कि इसके बाद अगले कुछ दिनों में यात्रियों को सड़क मार्ग द्वारा प्रयाग, श्रृंगवेरपुर और चित्रकूट ले जाया जाएगा, जहाँ उनके रात्रि विश्राम की व्यवस्था भी की जाएगी।
रेलवे के अनुसार इसके बाद ट्रेन का अगला पड़ाव नासिक है, जहाँ त्र्यंबकेश्वर मंदिर और पंचवटी क्षेत्र को कवर किया जाएगा। , अगला गंतव्य अंजनेय पहाड़ी है जिसे भगवान हनुमान का जन्मस्थान माना जाता है, के साथ-साथ विट्ठल और विरुपाक्ष मंदिर जैसे अन्य विरासत स्थलों को भी कवर किया जाएगा। रामेश्वरम इस ट्रेन टूर का आखिरी शहर है। रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी इस यात्रा का हिस्सा हैं। ट्रेन अपनी यात्रा के 17वें दिन दिल्ली लौट आएगी। इस पूरी यात्रा के दौरान पर्यटक लगभग 7560 किलोमीटर की यात्रा करेंगे।
भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भारत सरकार की पहल 'देखो अपना देश' और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के अनुरूप इस विशेष पर्यटक ट्रेन को शुरू किया है। इस ट्रेन में सफर करने के लिए तृतीय एसी के लिए प्रति व्यक्ति 1,14,100 रुपये, द्वितीय एसी के लिए प्रति व्यक्ति 1,51,225 रुपये और प्रथम एसी के लिए 1,64,940 रुपये निर्धारित किये गये हैं।
रेलवे ने बताया कि यात्री को तीन-स्टार होटलों में रहने की व्यवस्था, सभी भोजन (केवल शाकाहारी), एसी कोच में सभी ट्रांसफर और दर्शनीय स्थल की यात्रा, यात्रा बीमा और आईआरसीटीसी टूर मैनेजरों की सेवाएं आदि शामिल हैं। टूर के दौरान सुरक्षित और स्वस्थ यात्रा प्रदान करके सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुरक्षा उपायों का ध्यान रखा जाएगा।
बुकिंग वेब पोर्टल पर 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर ऑनलाइन उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए, मोबाइल नंबर 8595931047, 8287930484, 8287930299, 8882826357 और 8287930032 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित