जयपुर , मार्च 29 -- जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्मकल्याणक पर्व सोमवार को जयपुर सहित देशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा और इससे पहले रविवार को यहां प्रभात फेरी निकाली गई।
राजधानी जयपुर के जैन मंदिरों में सोमवार को प्रातः 6:15 बजे भगवान महावीर स्वामी के स्वर्ण एवं रजत कलशों से कलशाभिषेक एवं वृहद शांतिधारा का विशेष आयोजन होगा, वहीं संध्याकालीन समय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अखिल भारतीय दिगंबर जैन युवा एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक जैन बिट्टू ने बताया कि इस पावन अवसर के उपलक्ष्य में रविवार को मानसरोवर स्थित सकल जैन समाज के तत्वाधान में भव्य प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रातः 6:15 बजे एसएफएस कॉलोनी दिगंबर जैन मंदिर से ध्वजारोहण के साथ प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल श्रद्धालुओं ने जयकारों और धार्मिक नारों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रभात फेरी थड़ी मार्केट, मीरा मार्ग, हीरा पथ, माध्यम मार्ग, स्वर्ण पथ, नीलम पथ होते हुए विभिन्न जैन मंदिरों के दर्शन करती हुई वरुण पथ जैन मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। समापन स्थल पर आयोजित संगोष्ठी में श्रद्धालुओं एवं वक्ताओं ने भगवान महावीर स्वामी की दिव्य वाणी, अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह के संदेशों को अपने शब्दों में प्रस्तुत किया। वक्ताओं ने उनके सिद्धांतों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए समाज से उन्हें अपनाने का आह्वान किया।
श्री बिट्टू ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी का जीवन और उनके सिद्धांत आज के दौर में अत्यंत प्रासंगिक हैं। अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह का मार्ग न केवल व्यक्तिगत जीवन को बेहतर बनाता है बल्कि समाज में शांति और सद्भाव स्थापित करने का भी सबसे प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और युवाओं को धर्म एवं संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित