इंदौर , मार्च 29 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर ने संसार को सत्य, अहिंसा, अपरिग्रह, त्याग और तपस्या का शाश्वत संदेश दिया, जो आज की वैश्विक परिस्थितियों में भी पूरी तरह प्रासंगिक है।

डॉ. यादव रविवार को इंदौर में महावीर जयंती व्याख्यान एवं महावीर अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भगवान महावीर के चरणों में वंदन करते हुए प्रदेशवासियों को महावीर जयंती की शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनके बताए मार्ग पर चलकर ही मानवता का कल्याण संभव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन दर्शन की विशेषता यह है कि वह दूसरों पर विजय पाने के बजाय स्वयं की इन्द्रियों पर नियंत्रण और आत्मविजय का संदेश देता है। भगवान महावीर के "अहिंसा परमो धर्म" के सिद्धांत को अपनाना आज के समय की आवश्यकता है, जब विश्व अनेक चुनौतियों से गुजर रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चार वरिष्ठ समाजसेवियों चंदनमल चौरड़िया, हंसराज जैन, हंसमुख गांधी और संतोष कुमार जैन को 'महावीर अलंकरण' से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन सभी ने भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज के लिए प्रेरणादायी कार्य किए हैं।

डॉ. यादव ने दिगंबर और श्वेताम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की सराहना करते हुए कहा कि दोनों संगठनों ने समाज सेवा को नई दिशा दी है और उनका यह संयुक्त आयोजन संगठन शक्ति और सामाजिक प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में चर-अचर सभी में जीवन और संवेदनशीलता को महत्व दिया गया है। उन्होंने महान वैज्ञानिक डॉ. जगदीश चन्द्र बसु के शोध का उल्लेख करते हुए कहा कि पेड़-पौधों में भी जीवन होता है और उनका सम्मान करना हमारी परंपरा का हिस्सा है।

उन्होंने सात्विक आहार और जीवनशैली पर बल देते हुए कहा कि जैसा भोजन होगा, वैसा ही मन और विचार होंगे। साथ ही उन्होंने ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में प्रदेश सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, संतगण, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित