उज्जैन , जून 05 -- प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने गुरुवार विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दर्शन किए।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने श्री खेर का स्वागत और सम्मान किया। मंदिर परिसर में चर्चा के दौरान श्री खेर ने कहा कि भगवान महाकालेश्वर के दरबार में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि उज्जैन महाकाल की नगरी है और भस्म आरती में शामिल होना अत्यंत सौभाग्य की बात है।
उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि देशभर से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सुचारु दर्शन व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण कार्य है। श्री खेर ने बताया कि 'जय महाकाल' नाम से भक्ति गीतों की एक श्रृंखला जारी की गई है, जिसमें उनके अलावा शंकर महादेवन, सोनू निगम तथा अन्य कलाकारों ने भी योगदान दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित