चंडीगढ़ , अप्रैल 26 -- हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम के विचार समाज को एकजुट करते हैं और सनातन संस्कृति को मजबूती प्रदान करते हैं।
डॉ शर्मा कैथल स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं और उन्होंने अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर समाजहित में कार्य किया। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।
डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति कर रहा है और सरकार ''सबका साथ, सबका विकास'' के सिद्धांत पर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के साथ ''मन की बात'' कार्यक्रम सुना। उन्होंने बताया कि गोवा को भगवान परशुराम की कर्मस्थली माना जाता है, जबकि उनका जन्मस्थान इंदौर के निकट जानापाव बताया गया है। अरुणाचल प्रदेश का परशुराम कुंड भी प्रमुख धार्मिक स्थल है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना भेदभाव रोजगार दे रही है। उन्होंने बताया कि रोहतक में परशुराम स्मृति स्थल पर संग्रहालय बनाया जाएगा और प्रदेश में उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज व अन्य संस्थान विकसित किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित