अलवर , जुलाई 25 -- राजस्थान में अलवर शहर इन दिनों ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ मेला महोत्सव की भक्ति और उल्लास में सराबोर है। शनिवार को महोत्सव के सबसे प्रमुख आयोजनों में शामिल माता जानकी की भव्य रथ यात्रा पूरे धार्मिक वैभव के साथ निकाली गई।
लगभग 1100 महिलाओं की कलश यात्रा, ऊंट गाड़ी, पुलिस बैंड, ताशा दल और सुसज्जित रथ के साथ निकली इस विशाल शोभायात्रा ने शहर को पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग दिया। हजारों श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में पुष्पवर्षा करके माता जानकी का स्वागत किया और जयघोषों से वातावरण गूंज उठा। सुबह सुभाष चौक स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद माता जानकी की सवारी रवाना हुई। पारंपरिक परिधानों में सजी 1100 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण करके यात्रा की अगुवाई की, जिसने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। शोभायात्रा में सबसे आगे ऊंट गाड़ी चली, उसके पीछे पुलिस बैंड और ताशा दल ने धार्मिक धुनों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। सबसे अंत में आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान माता जानकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
माता जानकी की यह भव्य यात्रा सुभाष चौक, त्रिपोलिया बाजार, होप सर्कस, घंटाघर, चर्च रोड, मनी का, अशोक सर्किल, मोती डूंगरी और भवानी टोप होते हुए रूपवास स्थित मेला स्थल पहुंची। पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा करके यात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने माता जानकी के दर्शन करके परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगल की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित