नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और लोककल्याण की महान परंपरा का प्रतीक है।

श्रीमती गुप्ता आज यहां आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्राओं में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की पूजा-अर्चना की। साथ ही, परंपरागत 'छेरा पहरा' अनुष्ठान का निर्वहन करते हुए रथ के समक्ष झाड़ू लगायी।

उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और लोककल्याण की महान परंपरा का प्रतीक है। रथ के समक्ष झाड़ू लगाने की परंपरा समाज को यह संदेश देती है कि जनसेवा और विनम्रता ही सच्चे नेतृत्व की पहचान है। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह अत्यंत हर्ष और सौभाग्य का विषय है कि उन्हें भगवान जगन्नाथ की इस भव्य रथ यात्रा में सम्मिलित होने और राज्य की प्रतिनिधि के रूप में प्रभु के रथ के समक्ष झाड़ू लगाकर सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ। भगवान जगन्नाथ की कृपा से दिल्ली निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े और राजधानी का प्रत्येक नागरिक सुख, समृद्धि और खुशहाली से परिपूर्ण जीवन व्यतीत करे।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा का आशीर्वाद दिल्लीवासियों पर सदैव बना रहे और उनकी कृपा से 'विकसित दिल्ली' के संकल्प को नयी ऊर्जा मिले। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज को जोड़ने और आपसी सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना करते हुए भगवान जगन्नाथ के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित