हरिद्वार, मार्च 20 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के भगवानपुर क्षेत्र के रायपुर में शुक्रवार को देर शाम अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। श्री श्यामकुंज ग्रुप हाउसिंग से जुड़ी करीब 30 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित की जा रही प्लॉटिंग को प्राधिकरण की टीम ने ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से मौके पर बने अवैध निर्माण को गिराया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।

प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौके पर मौजूद निर्माणकर्ता को कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य पूर्णतः अवैध है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग करने वालों में भय का माहौल देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित