हरिद्वार , अक्टूबर 22 -- युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा कल्याण विभाग की ओर से 24 अक्टूबर को भगवानपुर विकासखंड में उत्तराखंड युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। बहबलपुर स्थित श्री प्रभु ग्रीन विले चिल्ड्रन एकेडमी में होने वाले इस महोत्सव में युवा नौ विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
गुरुवार को क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विक्रांत चौधरी ने बताया कि महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, कविता लेखन, एकल लोकनृत्य, एकल लोकगीत, पोस्टर निर्माण और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने के साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवा कल्याण विभाग युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित