हरिद्वार , अप्रैल 23 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 11.42 ग्राम स्मैक बरामद किया गया है।

गुरुवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए जांच अभियान के दौरान टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान सिकंदरपुर से सिरचन्दी जाने वाले मार्ग पर अनीश पुत्र महमूद निवासी ग्राम सिरचन्दी को 7.37 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में मुन्तजीर पुत्र जमील निवासी ग्राम छापुर शेर अफगानपुर को दारूल कुरान के पास से आरोपी को 4.06 ग्राम स्मैक के साथ पकड़ा।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित