फगवाड़ा , जून 17 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान 18 जून को फगवाड़ा के गांधी चौक में आम जनता से सीधा संवाद करने के लिए 'लोक मिलनी' कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री लोगों की समस्याएं सुनेंगे और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी देंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए सांसद डॉ राज कुमार चब्बेवाल ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा, अतिरिक्त उपायुक्त रणदीप सिंह हीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

डॉ चब्बेवाल ने कहा कि 'लोक मिलनी' आम आदमी पार्टी सरकार की एक प्रभावी पहल है, जिसके जरिए मुख्यमंत्री सीधे जनता से संवाद करते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री फगवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के निवासियों से मुलाकात करेंगे तथा शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण, उद्योग, कृषि और अवसरंचना के विकास संबंधी सरकार की उपलब्धियों से भी लोगों को अवगत कराएंगे।

इस दौरान अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। श्री तूरा और एडीसी रणदीप सिंह हीर ने ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों के साथ विस्तृत समीक्षा की।

पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिये गये। नगर प्रशासन को कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा लोगों की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था करने को कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित