बटाला , अप्रैल 16 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गुरुवार को बटाला के लिए 177 करोड़ रूपए की विकास परियोजनाओं की घोषणा की जिसमें बुनियादी ढांचे का विस्तार शामिल है।
इन परियोजनाओं में नगर निगम द्वारा 95.72 करोड़, मंडी बोर्ड द्वारा 16.05 करोड़ और पीडब्ल्यूडी द्वारा 65.09 करोड़ की सड़क निर्माण योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 42.56 करोड़ और 34.97 करोड़ रूपए की सड़क मरम्मत, नए पुलों का निर्माण, ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए आधुनिक बस स्टैंड और 14.81 करोड़ से नई पुलिस लाइंस का निर्माण किया जाएगा।
श्री मान ने इसे अतीत से निर्णायक बदलाव बताते हुए कहा कि पंजाब के लोगों ने 2022 में "अकाली-कांग्रेस की तीन पीढ़ियों की लूट" खत्म कर दी और 2027 में उन्हें वापस नहीं आने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने बेअदबी के मामलों में खुद को बचाने के लिए कमजोर कानून बनाए। उन्होंने कहा "अकालियों ने जानबूझकर बेअदबी के खिलाफ कमजोर कानून बनाए ताकि दोषियों को सजा न मिल सके। वे खुद भी सजा से डरते थे, इसलिए कानून कमजोर रखा।"मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने "जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) बिल, 2026" पारित किया है, जिसमें बेअदबी के मामलों में कड़ी सजा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि यह साजिश राज्य में शांति और भाईचारे को बिगाड़ने के लिए रची गई थी। उन्होंने कहा,"अब इस अक्षम्य अपराध में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा ।"अकाली दल की 'पंजाब बचाओ यात्रा' पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि इसका असली नाम "परिवार बचाओ यात्रा" होना चाहिए, क्योंकि यह केवल पारिवारिक हितों की रक्षा के लिए है। उन्होंने अकाली नेतृत्व पर राज्य को 15 साल तक लूटने, माफिया को संरक्षण देने और लोगों की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि "ऐसे कृत्य उनके असली चरित्र को उजागर करते हैं।"श्री मान ने यह भी कहा कि पिछली सरकारों के दौरान नशे (चिट्टा) ने युवाओं को बर्बाद किया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को माफ नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि भगवंत सिंह मान राज्य के सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।
उन्होंने यह कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं और लोगों से अपने वोट की रक्षा करने की अपील की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक, विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी सहित कई नेता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित