होशियारपुर , जून 18 -- शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ कथित रूप से धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मामला दर्ज करने की मांग को लेकर गुरुवार को होशियारपुर सिटी पुलिस थाने में शिकायत दी।
शिअद के होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी संजीव तलवार के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की मांग की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजीव तलवार ने आरोप लगाया कि हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति कथित तौर पर सिख गुरुओं की तस्वीरों पर शराब फेंकता दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत मान हैं। श्री तलवार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष पेश होकर स्पष्टीकरण दिया था और वीडियो को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के माध्यम से तैयार किया गया फर्जी बताया था। उन्होंने दावा किया कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से करवाई गई जांच के बाद वीडियो को वास्तविक पाया गया है। इसके आधार पर उन्होंने मुख्यमंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और मामला दर्ज करने की मांग की।
अकाली नेता ने आरोप लगाया कि इस घटना से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस अवसर पर पूर्व उप महापौर प्रेम सिंह, बिक्रमजीत सिंह, भूपिंदर सिंह मेहंदीपुर, संतोष सिंह औजला, संजीव कुमार, रणधीर भारज, संजीव थापर, इंदरदीप, सुखदेव सिंह सतौर सहित शिरोमणि अकाली दल के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित