लुधियाना , सितंबर 27 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने रविवार को राज्य के लोगों से 28 सितंबर को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (पीएयू) मैदान में आयोजित होने वाले 'जश्न-ए-इंकलाब' कार्यक्रम में परिवार सहित शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के साथ पंजाब की संस्कृति, संगीत और शहीदों की विरासत को समर्पित होगा।
श्री पन्नू ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कार्यक्रम अपराह्न तीन बजे शुरू होगा। इसमें मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, मंत्री, विधायक और प्रदेशभर से लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम में 'गगन दमामा बाजियो' नाटक का मंचन होगा तथा पंजाबी कलाकार रणजीत बावा और कुलविंदर बिल्ला सहित ढाडी जत्थे प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भगत सिंह के साथ शहीद सुखदेव और शहीद राजगुरु के बलिदान को भी याद किया जाएगा। उन्होंने युवाओं को पंजाब के इतिहास और शहीदों की विरासत से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने पगड़ीधारी पंजाबियों से पीली पगड़ी पहनकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए काम कर रही है। उनके अनुसार, पंजाब में 3,100 खेल मैदान विकसित किये जा रहे हैं, जिनमें करीब 750 तैयार हो चुके हैं। उन्होंने 'खेडां वतन पंजाब दियां' और युवा दौड़ जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि हाल में बठिंडा मैराथन में करीब 25,000 युवाओं ने हिस्सा लिया, जो युवाओं की बदलती प्राथमिकताओं को दर्शाता है। उन्होंने अगले महीने जालंधर और मोहाली में अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट होने का भी उल्लेख किया।
श्री पन्नू ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया कि पंजाब में नहर के पानी का उपयोग करीब 22 प्रतिशत से बढ़कर 88 प्रतिशत से अधिक हो गया है। उन्होंने 600 यूनिट मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत 10 लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और सड़क सुरक्षा बल की त्वरित दुर्घटना प्रतिक्रिया का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 'जश्न-ए-इंकलाब' के माध्यम से पंजाब की संस्कृति, संगीत और इतिहास को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से 28 सितंबर को पीएयू मैदान पहुंचकर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि देने तथा कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित