चंडीगढ़ , जुलाई 21 -- पंजाब सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए चलायी जा रही योजनाओं की समीक्षा करते हुए रक्षा सेवा कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने सोमवार को चंडीगढ़ में विशेष बैठक की। बैठक में रक्षा सेवा कल्याण विभाग तथा पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन (पेस्को) के कार्यों और प्रगति की समीक्षा की गयी।

बैठक के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिवारों और उनके आश्रितों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए।

बैठक में रक्षा सेवा कल्याण विभाग के प्रधान सचिव सुमेर सिंह गुर्जर तथा विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर भूपिंदर सिंह ढिल्लों (सेवानिवृत्त) ने विभाग की विभिन्न परियोजनाओं और उनकी प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान चल रही परियोजनाओं, बजट आवश्यकताओं, कर्मचारियों की पदोन्नति, भर्ती प्रक्रिया तथा सैनिक स्कूलों के विकास से जुड़े विषयों की भी समीक्षा की गयी।

श्री भगत ने पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन (पेस्को) के कार्यों की भी समीक्षा की। पेस्को के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल हरमनदीप सिंह ने पूर्व सैनिकों को उपलब्ध कराये जा रहे रोजगार के अवसरों तथा निगम की गतिविधियों की जानकारी दी।

श्री भगत ने पेस्को को निर्देश दिये कि पूर्व सैनिकों के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किये जायें तथा निगम की कार्यकुशलता और प्रभावशीलता को और बेहतर बनाया जाये। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित