वड़ोदरा , अक्टूबर 20 -- बड़ौदा ने बिहार को रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए मैच में 10 विकेट से रौंद दिया। भार्गव भट्ट (53 रन पर छह विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत बड़ौदा ने बिहार को तीसरे दिन मंगलवार को दूसरी पारी में 251 रन पर समेट दिया। बड़ौदा को दो रन का लक्ष्य मिला जो उसने बिना कोई विकेट खोये चार रन बनाकर हासिल कर लिया।
बिहार की दूसरी पारी में मंगल महरौर ने 138 रन की शानदार पारी खेली। आयुष लोहारुका ने 49 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज मैदान पर उतरते और लौटते रहे। भट्ट ने 53 रन पर छह विकेट लेकर बिहार की कमर तोड़ दी। भट्ट को मैच में कुल आठ विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। महेश पिठिया ने 40 रन पर तीन विकेट लेकर भट्ट को अच्छा सहयोग दिया।
बड़ौदा को इस जीत से बोनस सहित सात अंक मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित