रायपुर , अगस्त 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से सटे ब्लू वाटर में तैरकर पानी पार करने की शर्त के दौरान बुधवार शाम डूबे आदिल का शनिवार सुबह तक कोई सुराग नहीं मिल पाया। गुरुवार और शुक्रवार को तलाश के प्रयास सफल नहीं होने के बाद शनिवार को एसडीआरएफ ने एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। इस दौरान एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर मौजूद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच तैरकर पानी पार करने को लेकर शर्त लगी। इसके बाद आदिल पानी में उतरा, लेकिन गहरे पानी में पहुंचने के बाद वह वापस बाहर नहीं आ सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और उसकी तलाश शुरू की गई। गुरुवार और शुक्रवार को भी लगातार खोज अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि ब्लू वाटर में पानी की अधिक गहराई के कारण तलाश अभियान में टीमों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार को एसडीआरएफ ने फिर से तलाशी अभियान शुरू किया है और एनडीआरएफ की टीम भी अभियान में मौजूद है। आदिल का पता लगाने के लिए गहरे पानी वाले हिस्सों में तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित