मुंबई , मई 12 -- देश की अग्रणी कूरियर और ट्रांसपोर्ट कंपनी 'ब्लू डार्ट' ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 43 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया।
कंपनी ने मंगलवार को बताया कि गत 31 मार्च को समाप्त तिमाही में उसका कुल राजस्व 1,533 करोड़ रुपये रहा।
पूरे वित्त वर्ष के दौरान ब्लू डार्ट की कुल कमाई 6,141 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले के 5,720 करोड़ रुपये की तुलना में 7.36 प्रतिशत अधिक है। पूरे साल के दौरान कंपनी ने 240 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया।
अच्छे तिमाही परिणाम का श्रेय कंपनी ने ग्राहकों की बदलती जरूरतों, ऑनलाइन शॉपिंग में बढ़त और देश में सामान की भारी मांग को दिया है। उसने कहा है कि यह कामयाबी मुख्य रूप से ई-कॉमर्स और सड़क परिवहन में कंपनियों की ओर से लगातार बढ़ रही मांग के कारण मिली है।
कंपनी ने अपने नेटवर्क को और मज़बूत बनाया है जिसमें हवाई और सड़क परिवहन दोनों शामिल हैं। उसने काम करने के तरीके में सुधार किया और पूरे देश में व्यापार की जरूरतों के हिसाब से नयी सेवाएं शुरू कीं।
उसने बताया है कि इस साल नये श्रम कानूनों और सामाजिक सुरक्षा नियमों में बदलाव के कारण माहौल काफी चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बावजूद, ब्लू डार्ट ने नियमों का पालन करने, कर्मचारियों के हितों, काम की रफ़्तार बढ़ाने और नेटवर्क को बेहतर बनाने पर पूरा ध्यान दिया। साथ ही, अपनी सेवा की गुणवत्ता और ग्राहकों से किये गये वादों को भी पूरी तरह निभाया।
ब्लू डार्ट एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक बॅल्फर मॅन्युअल ने कहा, "वित्त वर्ष 2025-26 ब्लू डार्ट के लिए सटीक काम और मज़बूत प्रदर्शन का साल रहा। दुनिया भर में अनिश्चितता, तनाव और बाजार के बदलते मिजाज के बावजूद हमने अपनी कमाई में लगातार बढ़त बनाये रखी। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में, खुद को परिस्थितियों के अनुसार ढालने और ग्राहकों की जरूरतों को सबसे ऊपर रखने की हमारी क्षमता ही सबसे महत्वपूर्ण साबित हुई है।"उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे ग्राहकों की उम्मीदें बढ़ रही हैं, कंपनी अपनी सेवाओं को और भी बेहतर, सुलभ और किफायती बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वह अपने नेटवर्क, डिजिटल तकनीक और सेवाओं में निवेश जारी रखेगी ताकि उसकी बढ़त कायम रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित