बैतूल , मई 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र स्थित ग्राम डहरगांव में एक ब्लूबेरी उत्पादन कंपनी के वेस्ट यार्ड में आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग से उठता घना धुआं और लपटें दूर-दूर तक दिखाई दीं। सूचना मिलने पर दमकल दल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डहरगांव स्थित हॉर्टेफ्रूट आईजी बेरीज प्राइवेट लिमिटेड के परिसर में रविवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे आग लग गई। आग कंपनी द्वारा खुले मैदान में एकत्रित कृषि एवं पौधों से संबंधित अवशेष सामग्री में लगी, जिसने देखते ही देखते बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुलताई नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण बुझाने के कार्य में काफी समय लगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित