रायगढ़ , फरवरी 21 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटरीमाल के पास शनिवार को एक यात्री बस के ब्रेक फेल होने के कारण सड़क से उतर जाने से उसमें सवार यात्रियों के बीच अफरा तफरी मच गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बस का ब्रेक फेल हो जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके कारण बस सड़क किनारे उतर गई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि यह बस प्रतिदिन सुबह लगभग पांच बजे रनपुर से रवाना होकर दोपहर करीब 12 बजे रायगढ़ पहुंचती है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने में सहयोग किया।
समय रहते बड़ी दुर्घटना टल जाने से यात्रियों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। घटना के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित