एमसीबी , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के चिरमिरी स्थित हल्दीबाड़ी स्वर संगम चौक पर सोमवार को ब्रेक फेल होने के बाद एक ट्रक अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन से टकरा गया। टक्कर की तीव्रता से पिकअप आगे बढ़कर एक स्कूटी सवार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में ट्रक का ब्रेक फेल होना दुर्घटना का कारण सामने आया है। नियंत्रण खोने के बाद ट्रक ने सामने चल रही पिकअप को टक्कर मार दी। इसके बाद पिकअप स्कूटी से जा भिड़ी, जिससे स्कूटी सवार घायल हो गया।
हादसे के दौरान स्कूटी ट्रक के नीचे फंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
दुर्घटना के कारण ट्रक और पिकअप सड़क पर फंस गए, जिससे कुछ समय तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु करने का प्रयास किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर चिरमिरी महापौर भी घटनास्थल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना सामने आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित