लंदन , जून 12 -- सेना के लिए बजट आवंटन को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर के साथ चल रहे विवाद के कारण रक्षा मंत्री जॉन हीली के बाद अब सैन्य बल मंत्री अल कार्न्स ने भी इस्तीफा दे दिया है।
श्री अल कार्न्स ने स्थानीय समय के अनुसार गुरुवार शाम को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने सर कीर स्टारमर से कहा कि सरकार की 'रक्षा निवेश योजना' (डीआईपी) 'न तो सेना में कोई बड़ा बदलाव लाने वाली है और न ही इसके लिए पर्याप्त बजट दिया गया है।'यह इस्तीफा रक्षा मंत्री जॉन हीली के उस तीखे त्यागपत्र के बाद आया है, जिसमें उन्होंने चेतावनी दी थी कि सर कीर स्टारमर के प्रस्तावित सैन्य खर्च का स्तर ब्रिटेन की सुरक्षा के लिए जरूरी बजट से 'बेहद कम' है।
ब्रिटिश सेना के पूर्व अधिकारी और सुरक्षा मंत्री डैन जार्विस को कैबिनेट में श्री हीली की जगह नया रक्षा मंत्री नियुक्त किया गया है।
श्री स्टारमर ने अभी तक श्री कार्न्स के इस्तीफे पर कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है। श्री हीली के इस्तीफे के जवाब में प्रधानमंत्री ने कहा था कि उन्हें 'बजट आवंटन के अपने रिकॉर्ड पर गर्व है।'उन्होंने यह भी कहा, "रक्षा फंडिंग योजना सेना को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करायेगी।"अपने इस्तीफे से महज एक घंटे पहले तक श्री कार्न्स ने संकेत दिया था कि वह सरकार में अपने पद पर बने रहकर 'रक्षा निवेश योजना' को अंतिम रूप दिये जाने तक इंतजार करने को तैयार हैं।
इसके तुरंत बाद, 'स्काई न्यूज और 'बीबीसी' को दिये बेहद बेबाक साक्षात्कार के बाद उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर अपना इस्तीफा पोस्ट कर दिया। उन्होंने लिखा, " वह निवेश के ऐसे स्तर का बचाव नहीं कर सकते, जिसे वह देश की सुरक्षा की चुनौतियों के लिहाज से नाकाफी समझते हैं।"रक्षा मंत्रालय में श्री हीली की संसदीय सहायक और लेबर पार्टी की सांसद पामेला नैश ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
प्रधानमंत्री को भेजे पत्र में सुश्री नैश ने कहा, " रक्षा निवेश योजना को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी बजट जुटाने में हो रही देरी और मुश्किलें वह ताजा मामला है, जो हमारे ऊपर जनता के भरोसे को नुकसान पहुंचा रहा है।"बीबीसी को मिली जानकारी के अनुसार, इस्तीफा देने से पहले श्री हीली ने रक्षा मंत्रालय के अन्य कनिष्ठ मंत्रियों से अपने पदों पर बने रहने का आग्रह किया था।
इन इस्तीफों ने सरकार को पूरी तरह हिला कर रख दिया है। इससे प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर की राजनीतिक साख को गहरा धक्का लगा है, जिनका डाउनिंग स्ट्रीट (पीएम आवास) में भविष्य पहले से ही संकट में दिख रहा था।
श्री जॉन हीली का इस्तीफा सर कीर स्टारमर के लिए इसलिए भी बहुत बड़ा झटका है, क्योंकि वह प्रधानमंत्री के सबसे वफादार सहयोगियों में से एक माने जाते थे।
यह राजनीतिक संकट एक बेहद महत्वपूर्ण उपचुनाव से ठीक एक हफ्ते पहले आया है। इस चुनाव में लेबर पार्टी के उम्मीदवार एंडी बर्नहैम वेस्टमिंस्टर (संसद) में वापसी की कोशिश कर रहे हैं, ताकि वह प्रधानमंत्री पद के लिए सर कीर स्टारमर को चुनौती दे सकें।
इससे पहले इसी हफ्ते श्री वेस स्ट्रीटिंग ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'विश्वास खोने' की बात कहकर स्वास्थ्य मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित