लंदन , जुलाई 10 -- श्री कीर स्टार्मर की जगह लेने के लिए लेबर पार्टी के सांसदों का भारी समर्थन मिलने के बाद श्री एंडी बर्नहैम लेबर पार्टी के नये नेता और ब्रिटेन के अगले प्रधानमंत्री बनने की दहलीज पर पहुंच गये हैं।

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर बर्नहैम को लेबर पार्टी के 403 सांसदों में से 322 ने नामांकित किया है। अब वे उस आंकड़े से महज एक नामांकन दूर हैं, जिसके बाद किसी भी अन्य उम्मीदवार के लिए चुनावी दौड़ में शामिल होना गणितीय रूप से असंभव हो जायेगा।

संसद का सत्र दोबारा शुरू होने पर गुरुवार को मतदान न कर पाने वाले कई सांसदों के भी श्री बर्नहैम का समर्थन करने की उम्मीद है, जिससे उनके निर्विरोध लेबर पार्टी के नेता बनने का रास्ता साफ हो सकता है।

बड़े पैमाने पर यह उम्मीद जतायी जा रही है कि अगर कोई प्रतिद्वंद्वी सामने नहीं आता है तो श्री बर्नहैम को अगले सप्ताह औपचारिक रूप से लेबर पार्टी का नेता घोषित कर दिया जायेगा। इसके बाद वे 20 जुलाई को डाउनिंग स्ट्रीट (प्रधानमंत्री कार्यालय) में कदम रखेंगे। श्री बर्नहैम ने अपने बयान में संसदीय दल के साथियों से मिले इस समर्थन के लिए गहरा आभार जताया। उन्होंने कहा है कि लेबर पार्टी के हर धड़े से मिला यह समर्थन इस साझी सोच को दर्शाता है कि ब्रिटेन को राजनीति में एक नये नजरिये की जरूरत है।

उन्होंने वादा किया कि वे लंदन (वेस्टमिंस्टर) से शक्तियों का विकेंद्रीकरण कर आम जनता के हाथों में ताकत सौंपेंगे और हर इलाके में आर्थिक विकास सुनिश्चित करेंगे।

"श्री बर्नहैम ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किये वीडियो में स्वीकार किया है कि गाजा युद्ध को लेकर लेबर पार्टी से चूक हुई थी, जिसे उनके नेतृत्व में सुधारा जायेगा। 'द टाइम्स' में लिखते हुए उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जोनाथन पॉवेल को पद पर बनाये रखने का संकेत दिया और रक्षा खर्च में लगातार बढ़ोतरी का समर्थन किया। उन्होंने रक्षा बजट के लिए कोई खास सैन्य लक्ष्य तो तय नहीं किया, पर साफ कहा कि रक्षा खरीद की लागत और इसमें होने वाली देरी को लेकर जनता के सामने अधिक पारदर्शिता बरती जानी चाहिए।"इससे पहले श्री बर्नहैम ने मैनचेस्टर में दिये अपने एक भाषण में भावी सरकार के विजन की कुछ झलकियां साझा की थीं, जिसमें आवास, परिवहन और अन्य बुनियादी सेवाओं पर शक्तियों के विकेंद्रीकरण को गति देने के लिए मैनचेस्टर में ही नयी 'नंबर 10 यूनिट' स्थापित करने की योजना शामिल है। वे पानी और ऊर्जा सेवाओं पर भी स्थानीय समुदायों का नियंत्रण बढ़ाने के पक्षधर रहे हैं, हालांकि इसकी कार्यप्रणाली का विवरण अभी तय होना बाकी है।

श्री बर्नहैम ने 'रिफॉर्म यूके' के नेता नाइजेल फराज के अपने चुनाव क्षेत्र क्लैक्टन में दोबारा उपचुनाव कराने के फैसले पर भी तंज कसा। लेबर पार्टी और अन्य मुख्य दल इस चुनाव का बहिष्कार कर रहे हैं, लेकिन जाने-माने कॉमेडियन उम्मीदवार 'काउंट बिनफेस' चुनावी मैदान में हैं। लंदन के रॉयल अल्बर्ट हॉल में सिल्वर क्लेफ अवार्ड्स के दौरान श्री बर्नहैम ने मजाकिया अंदाज में कहा, "काउंट बिनफेस, आप देश की उम्मीदों का भार संभाल रहे हैं। हमें निराश मत कीजियेगा।"गौर करने वाली बात यह है कि मई के स्थानीय चुनावों में लेबर पार्टी को मिली हार और मेकरफील्ड सीट पर श्री बर्नहैम की शानदार जीत के बाद बढ़ते दबाव के चलते श्री स्टार्मर ने इस्तीफा दे दिया था। श्री बर्नहैम ने जिस दिन सांसद के रूप में शपथ ली थी, ठीक उसी दिन श्री स्टार्मर ने अपना पद छोड़ दिया था। नेतृत्व की इस रेस में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों के पास अगले बुधवार तक कम से कम 81 लेबर सांसदों का समर्थन जुटाने का समय है, लेकिन श्री बर्नहैम के भारी दबदबे को देखते हुए किसी भी चुनौती देने वाले के इस आंकड़े तक पहुंचने की उम्मीद नहीं है।

निर्विरोध चुने जाने के लिए श्री बर्नहैम को अगले सप्ताह पार्टी से जुड़े 31 समाजवादी संगठनों और मजदूर संगठनों में से कम से कम तीन का नामांकन भी हासिल करना होगा, जो उनके लिए महज औपचारिकता माना जा रहा है। यदि वे निर्विरोध नेता बनते हैं तो लेबर पार्टी गर्मियों के दौरान होने वाली लंबी चुनावी प्रक्रिया से बच जायेगी और श्री बर्नहैम सीधे पद संभाल लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित