लंदन , जून 22 -- ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने अपने पद से इस्तीफा देने का एलान किया। इसके साथ ही लेबर पार्टी के नेता का पद भी छोड़ दिया।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार 10 डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर अपने भावुक बयान में श्री स्टारमर ने कहा, "कार्यालय में मेरा लिया हर फैसला 'अपने प्यारे देश को सबसे ऊपर रखने' के बारे में था।" उन्होंने बेहद भावुक होकर अपनी पत्नी विक को संकट का साथी बताते हुए धन्यवाद दिया और कहा कि अब वह अपने बच्चों के लिए 'बेहतरीन पिता' बनना चाहते हैं।
श्री स्टारमर ने स्पष्ट किया कि जब तक लेबर पार्टी अपना नया नेता नहीं चुन लेती, तब तक वे इस पद पर बने रहेंगे। उन्होंने पार्टी की शासी निकाय से अनुरोध किया है कि सितंबर में संसद के दोबारा शुरू होने से पहले नये नेता का चुनाव सुनिश्चित किया जाये।
इस बीच, प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल माने जा रहे एंडी बर्नहैम पिछले हफ्ते एक उपचुनाव जीतने के बाद मेकरफील्ड के सांसद के रूप में शपथ लेने आज वेस्टमिंस्टर में मौजूद रहेंगे।
श्री स्टारमर ने यह स्वीकार करते हुए पद छोड़ने का फैसला किया कि उनकी पार्टी को अब यह भरोसा नहीं है कि वे अगले आम चुनाव में देश का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। अपने इस्तीफे के भाषण के मुख्य बिंदुओं में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनना उनके जीवन का 'सबसे गौरवपूर्ण क्षण' था। उन्होंने याद किया कि उन्हें विरासत में एक ऐसी लेबर पार्टी मिली थी, जो 'राजनीतिक, वित्तीय और नैतिक रूप से दिवालिया' हो चुकी थी और जिसके बारे में उन्हें बार-बार कहा गया था कि यह अब 'खत्म' हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी यह सवाल उठा रही थी कि क्या वे अगले चुनाव में नेतृत्व के लिए सही व्यक्ति हैं। श्री स्टारमर ने कहा, "मैंने यह जवाब सुन लिया है और मैं इसे पूरे सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं।" उन्होंने बताया कि वह इस संबंध में 'किंग' (ब्रिटेन के राजा) से पहले ही बात कर चुके हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि नये उत्तराधिकारी के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर सितंबर में संसद सत्र शुरू होने से पहले नया लेबर नेता चुन लिया जायेगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वे सत्ता के व्यवस्थित हस्तांतरण को सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और अपने उत्तराधिकारी को पूरा समर्थन देंगे।
अंत में भावुक होते हुए श्री स्टारमर ने कहा कि अब वे अपनी पत्नी और बच्चों के लिए बेहतर पति और पिता बनेंगे। इसके बाद वे अपनी पत्नी को गले लगाकर वापस 10 डाउनिंग स्ट्रीट के भीतर चले गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित