लंदन , सितंबर 28 -- ब्रिटेन की आतंकवाद निरोधक पुलिस ने दक्षिण-पश्चिमी इंग्लैंड में एक हवाई अड्डे के पास विस्फोटक संबंधी अपराधों और आतंकवादी कृत्य की तैयारी के संदेह में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस हवाई अड्डे का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ युद्ध में अमेरिका के लंबी दूरी के बमवर्षक विमानों द्वारा किया जाता है।
पुलिस ने बताया कि रविवार मध्यरात्रि के कुछ ही समय बाद तीन संदिग्ध वाहनों के ग्लॉस्टरशायर स्थित आरएएफ फेयरफोर्ड हवाई अड्डे की ओर जाने की सूचना मिली। इसके बाद सशस्त्र पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए निकटवर्ती वेलफोर्ड गांव में पांचों लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
आतंकवाद निरोधक पुलिसिंग की वरिष्ठ अधिकारी विकी इवांस ने एक बयान में कहा, "हम जांच के शुरुआती चरण में हैं और पांचों व्यक्ति हिरासत में हैं।हम घटना की परिस्थितियों को समझने के लिए अपने सहयोगी एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।"अधिकारियों के अनुसार, एहतियात के तौर पर करीब 85 घरों को खाली कराया गया, जबकि सेना की बम निरोधक टीमों ने इलाके में वाहनों की जांच की। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है और पुलिस ने संभावित मकसद के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी है।
आतंकवाद निरोधक पुलिस ने बताया कि इन लोगों को "आतंकवादी कृत्य की तैयारी" के संदेह में भी गिरफ्तार किया गया है। ब्रिटेन के आतंकवाद निरोधक कानूनों के तहत पुलिस आरोप तय किए जाने से पहले संदिग्धों को 14 दिन तक हिरासत में रख सकती है।
ग्लॉस्टरशायर पुलिस के सहायक मुख्य कांस्टेबल रिचर्ड ओकोन ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं के पास इस तरह की बड़ी घटनाओं से निपटने के लिए पहले से व्यापक योजनाएं हैं और लोगों को इलाके में कुछ समय तक पुलिस की मौजूदगी देखने को मिल सकती है।
श्री ओकोन ने कहा, "हम उन निवासियों को धन्यवाद देना चाहते हैं, जिन्होंने आज सुबह अपने घर खाली किए और सहयोग एवं समझ का परिचय दिया। हम जानते हैं कि इससे लोगों को असुविधा हुई है और उन्हें आश्वस्त करना चाहते हैं कि उन्हें जल्द से जल्द उनके घरों में वापस भेजने के लिए हम तेजी से काम कर रहे हैं।"अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गिरफ्तारियों को "शानदार" बताते हुए कहा कि अमेरिका और ब्रिटेन दोनों काफी समय से इन लोगों की जांच कर रहे थे।
श्री ट्रंप ने शिकागो में संवाददाताओं से कहा, "ब्रिटेन के साथ मिलकर काम करना शानदार रहा। वे हमारे ठिकाने को बड़ा नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे और ब्रिटेन के साथ मिलकर काम करना बहुत अच्छा रहा।"उन्होंने कहा कि संदिग्धों पर कुछ समय से निगरानी रखी जा रही थी और उनकी गिरफ्तारी में ब्रिटिश तथा अमेरिकी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से काम किया। उन्होंने कहा कि संदिग्ध अमेरिकी प्रतिष्ठान को "बड़ा नुकसान" पहुंचाना चाहते थे।
ब्रिटिश मीडिया में सूत्रों के हवाले से प्रकाशित खबरों में कहा गया है कि स्थानीय निवासियों की पुलिस को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने में भूमिका निभाई हो सकती है।
आरएएफ फेयरफोर्ड का इस्तेमाल ईरान को निशाना बनाने वाले अमेरिकी वायुसेना के बी-1 बमवर्षक विमानों द्वारा किया गया है। यह अमेरिकी ग्लोबल स्ट्राइक कमांड के लिए एक अग्रिम संचालन केंद्र भी है। यह कमांड लंबी दूरी के हमलों के प्रबंधन का काम करता है और ब्रिटेन ने इस वर्ष की शुरुआत में ईरानी मिसाइल ठिकानों पर अमेरिकी हमलों के लिए इसके इस्तेमाल को मंजूरी दी थी।
अमेरिकी प्रवक्ता ने कहा, "इकाई सतर्क है और हमारे अमेरिकी सैन्यकर्मियों, नागरिकों, ठेकेदारों तथा उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाती रहेगी।"ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने रविवार को आपातकालीन सेवाओं को उनकी सहायता के लिए तथा स्थानीय निवासियों को "एहतियाती जांच" के दौरान उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
श्री बर्नहम ने एक्स पर पोस्ट किया, "मुझे पता है कि आरएएफ फेयरफोर्ड के पास आज की घटना स्थानीय निवासियों और देशभर में घटनाक्रम पर नजर रखने वाले कई लोगों के लिए बेहद चिंताजनक होगी।"इससे पहले रविवार को सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा था कि प्रधानमंत्री को घटना के बारे में लगातार जानकारी दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित