चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- ब्रिटिश उप उच्चायुक्त अल्बा स्मेरिग्लियो और ब्रिटिश हाई कमीशन की वरिष्ठ सलाहकार (अर्थशास्त्र, जलवायु एवं विकास) मधु मिश्रा ने मंगलवार को पंजाब के एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह से पंजाब सिविल सचिवालय-1, चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की।
बैठक के दौरान डॉ. सिंह ने ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल के साथ यूनाइटेड किंगडम में रह रहे पंजाबी प्रवासियों और पंजाब से जुड़े एनआरआई से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार विदेशों में रह रहे पंजाबियों के साथ निरंतर संपर्क बनाये रखने और उनकी जायज चिंताओं का प्रभावी ढंग से समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यूनाइटेड किंगडम में रह रहे पंजाबियों से फर्जी और अनधिकृत ट्रैवल एजेंटों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनआरआई और उनके परिवार वीजा, आव्रजन, विदेश यात्रा अथवा अन्य संबंधित सेवाओं के बारे में झूठे वादे करने वाले लोगों के झांसे में न आयें। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करना धोखाधड़ी और अनैतिक ट्रैवल एजेंटों द्वारा शोषण से बचाने के लिए बेहद जरूरी है। डॉ. सिंह ने ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल को बताया कि पंजाब सरकार की ओर से 26 अगस्त को बठिंडा में एनआरआई मिलनी आयोजित की जा रही है। उन्होंने विदेशों में रह रहे पंजाबियों, विशेष रूप से बठिंडा और आसपास के क्षेत्रों से संबंधित लोगों को इस मिलनी में शामिल होने और पंजाब सरकार के समक्ष सीधे अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने का न्योता दिया।
बैठक में यूनाइटेड किंगडम में रह रहे पंजाबियों तथा पंजाब से जुड़े एनआरआई की पंजाब के साथ निरंतर भागीदारी और उनके हितों को प्रभावित करने वाले विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने पंजाबी प्रवासी समुदाय से संबंधित मामलों में आपसी संवाद और सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित