हैदराबाद , मई 13 -- सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक, ब्रिगेडियर एन आर बाबू ने बुधवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से मुलाकात की और राज्य में पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान ब्रिगेडियर बाबू ने तेलंगाना पूर्व सैनिक निगम की स्थापना का प्रस्ताव रखा। श्री रेड्डी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को निगम की स्थापना के लिए आवश्यक रूपरेखा एवं प्रक्रिया तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रस्ताव पर आगे की चर्चा करने से पहले अन्य राज्यों में इसी तरह के निगमों के कामकाज एवं परिचालन मॉडल का अध्ययन करें।

ब्रिगेडियर बाबू ने मुख्यमंत्री से उनकी अध्यक्षता में राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक शीघ्र बुलाने का भी अनुरोध किया। श्री रेड्डी ने आश्वासन दिया कि बैठक को जल्द से जल्द आयोजित करने की संभावना का पता लगाया जाएगा।

सैनिक कल्याण निदेशक ने राज्यपाल की अध्यक्षता में राज्य प्रबंध समिति के गठन के संबंध में सरकारी आदेश जारी करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि आवश्यक आदेश शीघ्र ही जारी किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री रेड्डी ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति तेलंगाना सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और सलाह दिया कि किसी भी अतिरिक्त मामलों को उचित कार्रवाई के लिए उनके विशेष सचिव के सामने विस्तार से प्रस्तुत किया जाए।

ब्रिगेडियर बाबू ने पूर्व सैनिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अजीत रेड्डी और क्षेत्रीय सैनिक कल्याण अधिकारी श्रीनेश कुमार नोरी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित