भोपाल , अगस्त 03 -- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पांच अगस्त से शुरू होने वाले चार दिवसीय ब्रिक्स सांस्कृतिक सम्मेलन-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सम्मेलन के मद्देनजर शहर को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) की तर्ज पर सजाया जा रहा है।
आधिकारिक तैयारियों के तहत वीआईपी रोड, भोज सेतु, एयरपोर्ट रोड, गांधी नगर, पॉलीटेक्निक चौराहा और पंडित कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) तक के मार्गों पर रंगरोगन, सौंदर्यीकरण और सजावट का कार्य किया जा रहा है। भोज सेतु के दोनों ओर मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत को प्रदर्शित करने वाली आकर्षक पेंटिंग बनाई जा रही हैं।
सम्मेलन पांच अगस्त से आठ अगस्त तक आयोजित होगा। इसका विषय 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' की भारतीय सांस्कृतिक अवधारणा तथा वैश्विक समरसता पर आधारित है। इसमें ब्रिक्स देशों के साथ अन्य मित्र देशों के संस्कृति मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे।
सम्मेलन में ब्राजील, इथियोपिया, इंडोनेशिया, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), दक्षिण अफ्रीका, क्यूबा, थाईलैंड और बेलारूस सहित विभिन्न देशों के संस्कृति मंत्री एवं प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके अलावा अनेक देशों के वरिष्ठ अधिकारी और राजनयिक भी सम्मेलन में भाग लेंगे।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देंगे। मिस्र का राष्ट्रीय लोकनृत्य दल, इंडोनेशिया के गायन एवं नृत्य कलाकार, रूस के लोक वाद्यवृंद, दक्षिण अफ्रीका का 'जमाली' समूह तथा ब्राजील के कलाकार संगीत, मार्शल आर्ट, एक्रोबेटिक्स और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन के लिए सुरक्षा, यातायात और अतिथि सत्कार की व्यवस्थाओं के साथ शहर के प्रमुख मार्गों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेज गति से किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित