नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- ईरान की संसद के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद-बाकर गालिबाफ कुछ अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण नयी दिल्ली में होने वाले 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच की बैठक में शामिल नहीं हो सकेंगे। भारत में ईरान के दूतावास ने शनिवार को यह जानकारी दी।
दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि श्री गालिबाफ ब्रिक्स सदस्य देशों की संसदों के अध्यक्षों की बैठक में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। हालांकि, ईरान का संसदीय प्रतिनिधिमंडल बैठक में शामिल होगा।
बयान के अनुसार, ब्रिक्स के सदस्य के रूप में ईरान ने इस समूह के शिखर सम्मेलनों और बैठकों में उच्चतम स्तर पर सक्रिय एवं प्रभावी भागीदारी की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
ईरानी प्रतिनिधिमंडल ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ संवाद और विचार-विमर्श जारी रखेगा। इसका उद्देश्य विशेष रूप से संसदीय संबंधों और सहयोग के क्षेत्र में द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय सहयोग का विस्तार करना और उसे मजबूत बनाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित