नई दिल्ली , सितम्बर 10 -- भारत की मेजबानी में शनिवार से यहां हो रहे दो दिन के 18 वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों और साझेदार देशों के शीर्ष नेताओं के साथ साथ क्षेत्रीय संगठनों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुख तथा प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

ब्रिक्स के सदस्य देशों के नेताओं में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन,चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा शामिल हैं। ब्राजील और सऊदी अरब का प्रतिनिधित्व क्रमश: विदेश मंत्री माउरो विएरा और विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद करेंगे। संयुक्त अरब अमीरात की ओर से अबू धाबी के युवराज और अबू धाबी कार्यकारी परिषद के अध्यक्ष शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान हिस्सा लेंगे।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत इस सम्मेलन के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी देते हुए सम्मेलन के बारे में एक वीडियो भी साझा किया है।

साझेदार देशों में बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाखस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम शामिल हैं। इनमें कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम समेत संबंधित देशों के शीर्ष नेता और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

क्षेत्रीय संगठनों की ओर से आसियान के अध्यक्ष फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्त नदायिशिमिये, खाड़ी सहयोग परिषद के अध्यक्ष बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लातिफ बिन राशिद अल जायानी, लैटिन अमेरिकी एवं कैरेबियाई राज्यों के समुदाय के अध्यक्ष उरुग्वे के विदेश मंत्री मारियो लुबेत्किन और यूरेशियन आर्थिक संघ के अध्यक्ष कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट तोकायेव शामिल होंगे।

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस, विश्व व्यापार संगठन की महानिदेशक न्गोजी ओकोंजो-इवेला, विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस, न्यू डेवलपमेंट बैंक की अध्यक्ष डिल्मा रूसेफ, एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक की अध्यक्ष और निदेशक मंडल की अध्यक्ष जू जियायी, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन के महानिदेशक आशीष खन्ना और आपदा रोधी अवसंरचना गठबंधन के महानिदेशक अमित प्रोथी भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित