चंडीगढ़ , जुलाई 30 -- भारत और क्यूबा के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत ब्रिक्स वाणिज्य एवं उद्योग मंडल और क्यूबा गणराज्य के वाणिज्य मंडल के प्रतिनिधियों के बीच उच्चस्तरीय ऑनलाइन बैठक गुरुवार को आयोजित की गयी।
बैठक में द्विपक्षीय व्यापार, निवेश के अवसरों और दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को विस्तार देने पर विस्तृत चर्चा हुई। क्यूबा की ओर से क्यूबा गणराज्य के वाणिज्य मंडल के अध्यक्ष एंटोनियो कैरिकार्टे कोरोना, अंतरराष्ट्रीय प्रभाग की निदेशक लुइसा मार्टिनेज, भारतीय प्रकोष्ठ अधिकारी लोइडा रिवेरा, भारत में क्यूबा के राजदूत जुआन कार्लोस मार्सन तथा नयी दिल्ली स्थित क्यूबा दूतावास की उप मिशन प्रमुख लूपे फ्रोमेटा बैठक में शामिल हुए।ब्रिक्स वाणिज्य एवं उद्योग मंडल की ओर से अध्यक्ष समीप शास्त्री, कार्यकारी निदेशक दीपक शुक्ला, उपाध्यक्ष अतुल बंसल तथा संयुक्त निदेशक अंकिता सचदेवा ने प्रतिनिधित्व किया।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार, स्वास्थ्य सेवाएं, औषधि निर्माण, कृषि, विनिर्माण तथा निवेश जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया। साथ ही उद्योग जगत के बीच प्रत्यक्ष व्यावसायिक संपर्क बढ़ाने और दोनों देशों के लिए नये व्यापारिक अवसर विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक का समापन नियमित संवाद, संयुक्त पहलों और व्यापारिक सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने की साझा प्रतिबद्धता के साथ हुआ। ब्रिक्स वाणिज्य एवं उद्योग मंडल ने इस बैठक को भारत-क्यूबा व्यापारिक संबंधों को नयी दिशा देने तथा दोनों देशों के बीच टिकाऊ आर्थिक साझेदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित