नयी दिल्ली , सितंबर 12 -- राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को शुरू हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में विदेश मंत्रालय की ओर से देश-विदेश के पत्रकारों को दिए गए मीडिया किट में घरेलू उत्पादों को प्रोत्साहित करने वाली प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 'वोकल फॉर लोकल' से 'लोकल टू ग्लोबल' की अपील की बानगी दिखी।

इस किट में पांच पंखुडी वाले कमल पुष्प के नीचे ब्रिक्स इंडिया 2026 की छाप वाले पिठ्ठू बैग के अंदर ओडिशा के कोरापुट की शत-प्रतिशत अरैबिका कॉफी की भीनी सुगंध है। एक सुंदर सीलन रोधी कागज के पैकेट में बंद फिल्टर कॉफी को बनाने और पीने के लिए सुंदर और उच्च गुणवत्ता वाला एक जालीदार फ्लास्क और शानदार मग है जो 'मेक इन इंडिया' की आकर्षक छाप छोडते हैं।

बैग के अंदर सुपर फूड कहे जाने वाले सत्तू का एक पैकेट भी है जो पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के परंपरागत आहर का हिस्सा है और जिसे प्रायः जौ, चना, मटर जैसे सात प्रकार के आनाज से बनाया जाता है। किट में सूती कपड़े से बनी रंग-बिरंगी चुनरी और कपड़े का एक थैला भी है।

गौरतलब है कि श्री मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' में पिछले साल कोरापुट की काफी का विशेष रूप से उल्लेख किया था। उन्होंने इसे "ओडिशा की शान" बताया था और कहा था कि इसकी सुगंध बेजोड़ है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि इसका कारोबार बढ़ने पर कोरापुट के पहाड़ी क्षेत्र के कॉफी किसानों और महिलाओं को फायदा होगा।

राजधानी के भारत मंडपम् में भारत की अध्यक्षता में हो रहे 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के अलावा इंडोनेशिया, ईरान, मिश्र, संयुक्त अरब अमीरात, इथियोपिया और सउदी अरब भी शामिल हैं।

मीडिया कक्ष के सामने सभी सदस्य देशों के ध्वज लगाए गए हैं, जहां देश-विदेश के मीडियाकर्मी इस सम्मेलन के साथ अपनी यादों को सदाबहार बनाने के लिए सेल्फी ले रहे हैं और तस्वीरें खिंचवा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित