नयी दिल्ली , सितंबर 12 -- ब्रिक्स देशों ने शनिवार को न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) को स्थानीय मुद्रा में वित्त पोषण को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया और संगठन के अपने सीमा-पार भुगतान तंत्र बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ाने की बात कही।

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में जारी घोषणापत्र में एनडीबी के 10 साल के काम की सराहना की गई है। इसमें कहा गया है कि ब्रिक्स द्वारा गठित इस बैंक ने सदस्य देशों और ग्लोबर साउथ के विकास एवं आधुनिकीकरण में रणनीतिक भूमिका निभाई है।

घोषणापत्र में कहा गया है, "हम बैंक को अपनी संसाधन जुटाने की अपनी क्षमता बढ़ाने, नवाचार करने, स्थानीय मुद्रा में वित्तपोषण, फंडिंग के स्रोतों में विविधता लाने और सतत विकास को बढ़ावा देने, असमानता कम करने तथा अवसंरचनाओं में निवेश करने तथा आर्थिक एकीकरण वाली प्रभावकारी परियोजनाओं को समर्थन देने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।" इसमें बैंक की सदस्यता के विस्तार को समर्थन देने की भी बात कही गई है।

ब्रिक्स के अपने सीमा-पार भुगतान तंत्र के विकास के लिए गठित ब्रिक्स भुगतान कार्य बल के प्रयासों की सराहना करते हुए घोषणापत्र में कहा गया है कि राष्ट्रीय प्राथमिकताओं का सम्मान करते हुए ब्रिक्स देश कार्य बल को इस विषय में व्यवहार्य समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। इस भुगतान तंत्र का उद्देश्य ब्रिक्स देशों में आपसी भुगतान को सरल बनाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित