म.प्र. ब्राह्मण परिषद अनूप मिश्रा ग्वालियर , मई 10 -- मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अनूप मिश्रा ने कहा है कि अब समय आ गया है कि देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर का ब्राह्मण समाज एकजुट होकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करे। उन्होंने कहा कि शक्ति अलग-अलग बंटने में नहीं, बल्कि एक होने में है।

रविवार को ग्वालियर में विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद की राज्य इकाई के अध्यक्ष के रूप में नर्मदा शंकर भार्गव के नाम की घोषणा करते हुए अनूप मिश्रा ने कहा कि देश में ब्राह्मण समाज निरंतर राष्ट्र निर्माण और विकास में योगदान दे रहा है, लेकिन विभिन्न संगठनों में बंटाव के कारण समाज अपनी पूरी क्षमता से कार्य नहीं कर पा रहा है।

उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र और पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के नेतृत्व में विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद का गठन किया गया है। परिषद के संरक्षक स्वामी कैलाशानंद गिरि हैं।

अनूप मिश्रा ने कहा कि ब्राह्मण समाज ऐसा समाज है जो सभी वर्गों को साथ लेकर देशहित में आगे बढ़ना चाहता है। उन्होंने कहा कि परिषद समाज की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती के उद्देश्य से कार्य कर रही है। इस अवसर पर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. सतीश शर्मा द्वारा नर्मदा शंकर भार्गव को मध्यप्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की जानकारी भी दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित