बैतूल , अप्रैल 20 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगभग 30 हजार रुपये कीमत की ब्राउन शुगर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार आरोपियों को शहर में मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घेराबंदी कर पकड़ा गया। उनके कब्जे से करीब 2 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिस पर टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्कीराज गोस्वामी और प्रभांशु डोंगरे के रूप में हुई है।

दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में मादक पदार्थ आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा हो सकता है। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित