सिरसा , जुलाई 28 -- एमएसजी भारतीय खेल गांव में आयोजित चार दिवसीय सीबीएसई नॉर्थ जोन-2 बालक वर्ग स्विमिंग चैंपियनशिप का समापन बुधवार को हुआ। प्रतियोगिता में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के तैराकों ने भाग लिया। ब्राइट स्कॉलर स्कूल, सोनीपत ने सर्वाधिक अंक हासिल कर ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। जीडी गोयनका स्कूल, झज्जर उपविजेता रहा, जबकि जीसस सेक्रेड हार्ट स्कूल, लुधियाना तीसरे स्थान पर रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीटीएम अजय सिंह ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवनशैली का आधार हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत को समान भाव से स्वीकार करने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। समारोह में डेरा सच्चा सौदा के वाइस चेयरमैन डॉ. पीआर नैन, शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां, स्पोर्ट्स हेड कोच नवजीत भुल्लर, सीबीएसई ऑब्जर्वर डॉ. गार्गी और विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीला पूनिया भी मौजूद रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित