तरन तारन , मार्च 14 -- शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और खडूर साहिब से विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा ने शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मोगा रैली को 'राजनीतिक ड्रामा' और 'चुनावी पर्यटन' करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विकास और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन पंजाब के ज्वलंत मुद्दों पर मूकदर्शक बनी हुई है।

यहां जारी एक बयान में श्री ब्रह्मपुरा ने कहा कि यदि गृह मंत्री सार्वजनिक रूप से यह दावा कर रहे हैं कि खडूर साहिब में 18 करोड़ रुपये का पंचायत विकास निधि घोटाला हुआ है, तो केंद्र सरकार को तुरंत सीबीआई या प्रवर्तन निदेशालय जैसी एजेंसियों से इसकी जांच करानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया किआम आदमी पार्टी के नेताओं के संरक्षण में पंजाब के गांवों के विकास कोष का दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र को केवल राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए और असली दोषियों को सजा दिलानी चाहिए।

कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा पर चिंता जताते हुए श्री ब्रह्मपुरा ने गुरदासपुर जिले के सीमावर्ती गांव आधियां की हालिया घटना का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां एक पुलिस चौकी के भीतर पंजाब पुलिस के एएसआई और एक होमगार्ड की हत्या कर दी गयी, जबकि इसी घटना के संबंध में बाहर एक निहत्थे सिख युवक की भी हत्या हुई। उन्होंने कहा कि यह घटना सुरक्षा की गंभीर चूक को दर्शाती है। उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को औपचारिक याचिका भेजकर उच्च स्तरीय केंद्रीय जांच की मांग करने के बावजूद केंद्रीय गृह मंत्रालय चुप क्यों है?श्री ब्रह्मपुरा ने सिख मुद्दों पर भाजपा सरकार के 'दोहरे मानदंडों' की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने सवाल उठाया कि अपनी सजा पूरी कर चुके सिख कैदियों (बंदी सिंहों) को रिहा क्यों नहीं किया जा रहा है, जबकि गंभीर अपराधों में दोषी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को बार-बार पैरोल दी जा रही है। ऐसी कार्रवाइयों से सिख समुदाय के बीच गहरी चिंता पैदा हुई है।

अकाली दल के नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी, तीनों ही पंजाब के हितों की रक्षा करने में विफल रही हैं। उनके अनुसार, इन पार्टियों ने राज्य के संसाधनों और शासन को कमजोर किया है, जबकि पंजाब की जड़ों से जुड़ी क्षेत्रीय पार्टियां ही राज्य के हितों की रक्षा करनेमें सक्षम हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित